home page

अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देगा आईआरएसी प्रकोष्ठ : प्रो. विनय कुमार पाठक

 | 
अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देगा आईआरएसी प्रकोष्ठ : प्रो. विनय कुमार पाठक


कानपुर, 04 जून (हि.स.)। विश्वविद्यालय का लक्ष्य वैश्विक स्तर के संस्थानों के साथ शैक्षणिक, शोध एवं सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं शैक्षणिक सहयोग प्रकोष्ठ (आईआरएसी) को नई ऊर्जा के साथ सक्रिय किया जा रहा है और नामित शिक्षक अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। यह बातें गुरुवार को सीएसजेएम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने जारी आदेश में कही है।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं शैक्षणिक सहयोग प्रकोष्ठ के सुचारू संचालन के लिए पांच सदस्यीय नई टीम का गठन किया है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार यह व्यवस्था एक वर्ष अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि अकादमिक गतिविधियों, नवाचार, शोध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में विश्व के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ साझेदारी बढ़ाने के लिए आईआरएसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रकोष्ठ में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी की डॉ. शिल्पा कायस्थ को आईआरएसी का निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डॉ. विशाल अवस्थी तथा स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी के डॉ. वी. श्रीहर्षा रचापुड़ी को सह-निदेशक बनाया गया है।

इसके अलावा स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के डॉ. प्रशांत त्रिवेदी और स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज की डॉ. नेहा तिवारी को सहायक निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कुलपति ने आदेश में कहा है कि नई टीम विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सहयोग कार्यक्रमों, शैक्षणिक समझौतों, छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान और शोध गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि नई नियुक्तियों से वैश्विक संस्थानों के साथ सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप