home page

कानपुर : अत्याधुनिक तकनीक से लैस नए साइबर थाने से साइबर अपराधों की जांच होगी और अधिक प्रभावी : अंजलि विश्वकर्मा

 | 
कानपुर : अत्याधुनिक तकनीक से लैस नए साइबर थाने से साइबर अपराधों की जांच होगी और अधिक प्रभावी : अंजलि विश्वकर्मा


कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित टीम से सुसज्जित नए साइबर थाने के माध्यम से साइबर अपराधों की शिकायतों का तेजी से निस्तारण किया जाएगा, जिससे पीड़ितों को समय पर राहत मिल सके। यह बातें मंगलवार को एडीसीपी (साइबर सेल) अंजलि विश्वकर्मा ने नए साइबर थाने के शुभारंभ के अवसर पर कहीं।

साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट ने सिविल लाइंस स्थित 112 कार्यालय के निकट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए साइबर थाने का संचालन शुरू कर दिया है। नए भवन में आधुनिक सॉफ्टवेयर, तकनीकी संसाधनों और विशेष टेक्निकल सेल की व्यवस्था की गई है, जिससे साइबर अपराध से संबंधित मामलों की जांच और कार्रवाई पहले की अपेक्षा अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी।

एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए थाने को नई तकनीक और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। यहां प्रशिक्षित पुलिसकर्मी और तकनीकी विशेषज्ञ संयुक्त रूप से कार्य करेंगे, ताकि ऑनलाइन ठगी, डिजिटल वित्तीय अपराध और अन्य साइबर मामलों में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके।

उन्होंने बताया कि इससे पहले साइबर थाना रेल बाजार स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन परिसर में संचालित हो रहा था। बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसे सिविल लाइंस स्थित पुलिस ग्राउंड के सामने नए भवन में स्थानांतरित किया गया है, जहां विधिवत कार्य शुरू हो गया है।

नए साइबर थाने में एसीपी साइबर, प्रभारी निरीक्षक साइबर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। पुलिस का मानना है कि अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों और विशेषज्ञ टीम की मदद से साइबर अपराधों की विवेचना की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होगा तथा पीड़ितों को समयबद्ध सहायता मिल सकेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप