home page

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर पीबीआरपी अकादमी में विशेष योग सत्र आयोजित

 | 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर पीबीआरपी अकादमी में विशेष योग सत्र आयोजित


औरैया, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जालौन चौराहे पर स्थित पीबीआरपी अकादमी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत एक विशेष योग सत्र का शनिवार को आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं लगभग 700 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ योग प्रशिक्षक डॉ. योगेंद्र कुमार मिश्र (प्रभारी, योग वेलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, आयुष विभाग, औरैया) ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने योग को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बताते हुए छात्रों को सरल एवं सहज तरीके से योग अभ्यास करने के तरीके सिखाए।

सत्र के दौरान छात्रों को पढ़ाई के समय सही तरीके से बैठने, खड़े होने और दैनिक जीवन में सही शारीरिक मुद्रा अपनाने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही सामूहिक योग अभ्यास में ‘ॐ’ ध्वनि का उच्चारण कराया गया और उष्ट्रासन करने की विधि भी बताई गई।

यह कार्यक्रम नवागत जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. सुधांशु दीक्षित, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार और जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गौरव पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं शिक्षकों को योग के प्रति जागरूक करना और आगामी 14 दिवसीय निःशुल्क ऑनलाइन योग अभ्यास से जोड़ना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार