home page

जौनपुर में तीन दिन से रुक-रुककर हाे रही बारिश से जगह-जगह जलभराव, गोमती नदी का जलस्तर बढ़कर 13 फीट पहुंचा

 | 
जौनपुर में तीन दिन से रुक-रुककर हाे रही बारिश से जगह-जगह जलभराव, गोमती नदी का जलस्तर बढ़कर 13 फीट पहुंचा


जौनपुर में तीन दिन से रुक-रुककर हाे रही बारिश से जगह-जगह जलभराव, गोमती नदी का जलस्तर बढ़कर 13 फीट पहुंचा


जौनपुर,01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से जहां लोगों को उमस से राहत मिली है ताे वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। आपदा विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिले में 38.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तक रुक-रुककर हुई बारिश के कारण प्रमुख सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में पानी भर गया।

मियांपुर पुलिस चौकी, कलेक्ट्रेट गेट और रुहट्टा क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कालीकुत्ती, रुहट्टा, ईशापुर, एलआईसी कार्यालय के पीछे की गली और चांदमारी के पीछे की गली में भी जलभराव से यातायात प्रभावित रहा। रुहट्टा और तारापुर कॉलोनी में नालियों का मलबा सड़कों पर फैलने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है।

आपदा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में इस वर्ष अब तक सामान्य रूप से 972.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक सिर्फ 161.99 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। इस तरह सामान्य वर्षा की तुलना में करीब 83.3 फीसदी कम बारिश हुई है। लगातार बारिश के चलते गोमती नदी का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

वर्तमान में नदी का जलस्तर करीब 13 फीट पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 24 फीट है। जलस्तर बढ़ने से गोमतेश्वर महादेव मंदिर और गोपी घाट की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। वहीं हनुमान घाट के चबूतरे तक भी पानी पहुंच गया है। यदि नदी का जलस्तर 15 फीट तक पहुंचता है तो बलुआघाट, चकप्यार अली, रामघाट और मियांपुर घाट के आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव