मुरादाबाद : उत्तर रेलवे की अंतरमंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कलाकाराें ने दिखाया हुनर
- शास्त्रीय गायन में लखनऊ रेल मंडल, शास्त्रीय वादन और सुगम वादन में चारबाग वर्कशॉप लखनऊ, सुगम गायन और लोकगायन में मुरादाबाद मंडल अव्वल
- संगीत, संस्कृति के माध्यम से भारतीय रेल की एकता और समृद्ध विरासत को सशक्त बनाने का प्रयास सराहनीय : विनीता श्रीवास्तव
मुरादाबाद, 28 नवम्बर (हि.स.)। रेल कर्मचारियों की सांगीतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने एवं भारतीय रेल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज मुरादाबाद स्थित मनोरंजन सदन में उत्तर रेलवे की अंतरमंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता (संगीत) 2026-27 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मुरादाबाद रेल मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि संगीत, संस्कृति एवं प्रतिभा के माध्यम से भारतीय रेल की एकता और समृद्ध विरासत को सशक्त बनाने का यह प्रयास सराहनीय रहा।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे के विभिन्न मंडलों एवं कारखानों की कुल 10 टीमों के 145 कलाकारों ने प्रतिभाग किया। कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत, सुगम संगीत, लोकगीत, गायन एवं वादन की विभिन्न विधाओं में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक ठाकुर द्वारा किया गया के कुशल निर्देशन में किया गया तथा संपूर्ण कार्यक्रम का कराया गया। समारोह में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी, उत्तर रेलवे सुजीत कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्मिक अधिकारी, भारतीय रेल राजीव बजाज मुख्य अतिथि तथा मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद मंडल विनीता श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन सुर, ताल, लय, संगीत की गुणवत्ता एवं प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में उस्ताद शाकावत हुसैन खान ‘निशात’, विशाखा तिवारी एवं आदर्श कुमार भटनागर (वरिष्ठ संगीतज्ञ एवं संगीत निर्देशक) शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा देर शाम विभिन्न संगीत विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन किया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम
शास्त्रीय गायन में
प्रथम – लखनऊ मंडल
द्वितीय – प्रधान कार्यालय, दिल्ली
तृतीय – चारबाग वर्कशॉप, लखनऊ
शास्त्रीय वादन में
प्रथम – चारबाग वर्कशॉप, लखनऊ द्वितीय–आलमबाग वर्कशॉप, लखनऊ
तृतीय – मुरादाबाद मंडल
सुगम गायन में
प्रथम – मुरादाबाद मंडल
द्वितीय – प्रधान कार्यालय, दिल्ली
तृतीय – अंबाला मंडल
सुगम वादन में
प्रथम – चारबाग वर्कशॉप, लखनऊ
द्वितीय – मुरादाबाद मंडल
तृतीय – अंबाला मंडल
लोकगायन में
प्रथम – मुरादाबाद मंडल
द्वितीय – जगाधरी वर्क शॉप
तृतीय – फिरोजपुर मंडल
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

