home page

महिला आरक्षण पर मोदी सरकार की नीयत में खोट, तुरंत लागू हो अधिकार : साधना भारती

 | 
महिला आरक्षण पर मोदी सरकार की नीयत में खोट, तुरंत लागू हो अधिकार : साधना भारती


कानपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण बिल को जनगणना और परिसीमन के नाम पर लटकाना महिलाओं के साथ छलावा है, इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर महिलाओं को उनका संवैधानिक हक दिया जाए। यह बातें मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता साधना भारती ने कही।

महानगर के तिलक हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की राष्ट्रीय प्रवक्ता साधना भारती ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पारित बिल को अब तक लागू न करना इस बात का संकेत है कि सरकार की नीयत महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक भागीदारी देने की नहीं है, बल्कि इसे केवल राजनीतिक मुद्दा बनाकर रखा गया है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं से जोड़ना पूरी तरह अनुचित है और इससे महिलाओं के अधिकारों को अनावश्यक रूप से टाला जा रहा है। कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि आगामी चुनावों से पहले ही इस बिल को प्रभावी बनाया जाए, ताकि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

साधना भारती ने ओबीसी वर्ग की महिलाओं की हिस्सेदारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आरक्षण में उनका उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए, क्योंकि सामाजिक संरचना में उनकी संख्या अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा से समावेशी राजनीति की पक्षधर रही है और महिलाओं को हर स्तर पर नेतृत्व देने का कार्य किया है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात केवल भाषणों और प्रचार तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने अपने संगठन में महिलाओं को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने में गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे उनकी सोच स्पष्ट होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल कानून बनाने से नहीं, बल्कि उसे समयबद्ध तरीके से लागू करने से संभव है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीर है, तो उसे बिना किसी बहाने के इस कानून को लागू करना चाहिए।

प्रेस वार्ता में शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से पवन गुप्ता, संदीप शुक्ला, प्रतिभा अटल पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप