home page

37वीं वाहिनी पीएसी में 32.58 करोड़ रुपये की लागत वाले आवासों की गुणवत्ता जांच के निर्देश

 | 
37वीं वाहिनी पीएसी में 32.58 करोड़ रुपये की लागत वाले आवासों की गुणवत्ता जांच के निर्देश


कानपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में 37वीं वाहिनी पीएसी में 32.58 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 108 आवासों के निर्माण में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न किया जाए। फाउंडेशन और कॉलम निर्माण में मिली कमियों की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुधार कराए जाएं और कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।

यह निर्देश शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण के दाैरान दिये। 37वीं वाहिनी पीएसी परिसर में कार्मिकों के लिए मल्टी-स्टोरी आवासीय ब्लॉकों का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की स्थिति देखी। परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड की निर्माण इकाई-10, कानपुर की ओर से कराया जा रहा है।

परियोजना का निर्माण कार्य 16 मार्च 2026 को शुरू हुआ था और इसे 15 मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके तहत अलग-अलग मल्टी-स्टोरी ब्लॉकों में कुल 108 आवास बनाए जाने हैं। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक ने बताया कि ब्लॉक एक, दो और तीन में फाउंडेशन एवं कॉलम कास्टिंग का काम पूरा हो चुका है। इन ब्लॉकों के फाउंडेशन में ब्रिक वर्क चल रहा है, जबकि ब्लॉक चार और पांच में फाउंडेशन की खुदाई का काम जारी है।

जिलाधिकारी ने ब्लॉक एक, दो और तीन में कराए गए निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान फाउंडेशन में एकरूपता नहीं मिली और कॉलम का एलाइनमेंट भी ठीक नहीं पाया गया। फाउंडेशन के स्ट्रक्चर की फिनिशिंग भी संतोषजनक नहीं थी। इस पर उन्होंने परियोजना प्रबंधक को पूरे फाउंडेशन कार्य की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जांच के आधार पर आवश्यक सुधार कराने, फाउंडेशन की फिनिशिंग ठीक कराने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए, ताकि परियोजना को निर्धारित समयसीमा में मानकों के अनुरूप पूरा कराया जा सके।

आवासीय परिसर में आवासों के साथ पंप हाउस, बाह्य सीवरेज, बाह्य विद्युतीकरण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ट्यूबवेल मय बोरिंग, स्टॉर्म वाटर ड्रेन, सीसी रोड, कर्ब स्टोन, इंटरलॉकिंग और परिसर में मिट्टी भराई का कार्य भी कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक संकल्प वर्मा, 37वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप