अपर मंडल रेल प्रबंधक ने दादरी स्टेशन एवं आईसीडी दादरी का निरीक्षण कर दिये निर्देश
प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स)। अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने शुक्रवार को दादरी स्टेशन, स्टेशन परिसर तथा आईसीडी दादरी का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्टेशन भवन, रनिंग रूम की व्यवस्थाओं एवं निर्माणाधीन नए फुट ओवर ब्रिज के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज के कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर बल दिया।
पीआरओ ने बताया कि आईसीडी दादरी में निरीक्षण के दौरान माल ढुलाई एवं लॉजिस्टिक्स से सम्बंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई तथा कार्यकुशलता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सम्बंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

