home page

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कंचौसी रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश

 | 
डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कंचौसी रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश


औरैया, 01 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश औरैया जनपद के कंचौसी मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार दोपहर कंचौसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो की लंबाई व ऊंचाई बढ़ाकर सुव्यवस्थित निर्माण कराने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर देते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था बढ़ाने हेतु बेंचों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं डीआरएम के समक्ष रखीं। उन्होंने दोनों मेन लाइनों के बीच फेंसिंग कराने, अधूरे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराने तथा यात्रियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर लगाने की मांग की। डीआरएम ने इन मांगों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार, रेलवे सुरक्षा बल फफूंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार