home page

परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को नई दिशा देने के लिए निरंतर नवाचारी व प्रभावी प्रयास जारी

 | 
परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को नई दिशा देने के लिए निरंतर नवाचारी व प्रभावी प्रयास जारी


परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को नई दिशा देने के लिए निरंतर नवाचारी व प्रभावी प्रयास जारी


मुरादाबाद, 12 सितम्बर (हि.सऊ.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देशों के अनुरूप मुरादाबाद जनपद के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को नई दिशा देने के लिए निरंतर नवाचारी एवं प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षण तक सीमित न रहते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक क्षमता, तार्किक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, खेलकूद एवं पाठ्य-सहगामी गतिविधियों में सहभागिता को भी शिक्षण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा रहा है।

इसके साथ ही विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बच्चों की प्रगति में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।

उच्च प्राथमिक विद्यालय जैतिया सादुल्लापुर, विकासखंड मूंढापांडे में एसएमसी एवं अभिभावक संघ की बैठक के दौरान छात्र-छात्राओं के हॉलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड अभिभावकों के साथ साझा किए गए। अभिभावकों को बच्चों की शैक्षिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनकी सह-शैक्षिक गतिविधियों, व्यावहारिक विकास, सहभागिता और अन्य क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। हॉलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों की सीखने की स्थिति को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिल रहा है तथा वे बच्चों की शैक्षिक प्रगति में विद्यालय के साथ अधिक प्रभावी ढंग से सहभागी बन रहे हैं।

स्मार्ट क्लास और प्रयोगशालाओं से आसान हो रही पढ़ाई : बैठक के दौरान अभिभावकों को विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों एवं संचालित गतिविधियों से भी परिचित कराया गया। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, विज्ञान एवं गणित प्रयोगशाला जैसी सुविधाओं का उपयोग विद्यार्थियों को विषयों को केवल पुस्तकीय रूप से पढ़ाने के बजाय उन्हें समझने, प्रयोग करने और व्यावहारिक रूप से सीखने के अवसर प्रदान करने के लिए किया जा रहा है।

प्राथमिक विद्यालय मझरा मानपुर साबित में भी नवाचारों से मजबूत हो रही शिक्षा की नींव : प्राथमिक विद्यालय मझरा मानपुर साबित, विकास क्षेत्र डिलारी में भी शैक्षिक गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न प्रभावी एवं नवाचारी प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालय में बच्चों को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां वे बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकें, गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकें और आनंद के साथ सीख सकें।

विद्यालय में खेल-खेल में शिक्षा, गतिविधि आधारित शिक्षण, शैक्षिक तकनीकों का प्रभावी प्रयोग, बच्चों की सक्रिय भागीदारी तथा घर जैसा आत्मीय वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शिक्षण प्रक्रिया में कहानी, कविता, संवाद, गतिविधियों और विभिन्न शिक्षण-अधिगम सामग्री का प्रयोग कर बच्चों को विषय से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल