तीन साल के मासूम की तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीनी जिंदगी
पलरा गांव में दर्दनाक हादसा, दो घंटे तक लगा जाम
बांदा, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव में रविवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। घर के दरवाजे पर खड़ा तीन वर्षीय मासूम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया, जबकि मासूम के घर में चीख-पुकार मच गई।
पलरा निवासी रमेश कुमार वर्मा का तीन वर्षीय पुत्र नितिन सुबह करीब छह बजे अपने घर के बाहर दरवाजे पर खड़ा था। तभी बांदा की ओर से चिल्ला जा रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मासूम को रौंदता हुआ निकल गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते,तब तक नितिन की सांसें थम चुकी थीं। नितिन तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां सुनीता, पिता रमेश कुमार और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम के निर्जीव शरीर को देखकर गांव की आंखें भी नम हो गईं। हादसे से गुस्साएं ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर लगभग दो-दो किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मौके पर स्पीड ब्रेकर बनवाने और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। घटना की सूचना मिलते ही चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू, पैलानी थाना प्रभारी राममोहन राय, सीओ सदर सौरभ सिंह और तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक मृतक के पिता की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

