home page

जच्चा-बच्चा की मृत्यु पर नर्सिंग होम सीज

 | 

जच्चा बच्चा की मृत्यु पर सख्त एक्शन, अभिलेख न मिलने पर मदर केयर हॉस्पिटल सील

फर्रुखाबाद,24 जुलाई (हि. स.)। प्रसूता की मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को आवास विकास स्थित मदर केयर हॉस्पिटल के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए चिकित्सालय को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देश पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (पंजीकरण) डॉ. आर. सी. माथुर ने टीम के साथ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दाैरान अस्पताल का कोई भी संचालक, चिकित्सक अथवा अधिकृत प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित नहीं मिला। टीम ने अस्पताल के पंजीकरण, मरीज के उपचार, भर्ती, प्रसव, रेफरल एवं प्रसूता की मृत्यु से संबंधित समस्त अभिलेखों की मांग की, लेकिन अस्पताल प्रबंधन कोई भी आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। अस्पताल में उपचार संबंधी अभिलेखों का संधारण भी संतोषजनक नहीं पाया गया।

जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रसूता के उपचार से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, वीडियो, फोटोग्राफ एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी सुरक्षित रखने तथा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की जा सके। साथ ही प्रकरण का मातृ मृत्यु ऑडिट कराते हुए मृत्यु के वास्तविक कारणों एवं उपचार प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा शुरू कर दी गई है।

अस्पताल प्रबंधन ने आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न कराने एवं जांच में सहयोग न करने की स्थिति को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नियमानुसार चिकित्सालय को तत्काल सील कर दिया। साथ ही प्रकरण में संबंधित अभिलेखों की गहन जांच करते हुए आवश्यक विभागीय एवं विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि जनपद में किसी भी मरीज के जीवन के साथ लापरवाही या स्वास्थ्य विभाग के नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी निजी चिकित्सालयों को पंजीकरण की शर्तों का पालन करते हुए उपचार से संबंधित अभिलेखों का विधिवत संधारण करना अनिवार्य है।

जांच में सहयोग न करने अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनपदवासियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस मामले की जांच निष्पक्ष रूप से पूरी कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar