home page

ब्रज-रज उत्सव 2026 में छाया स्वदेशी खादी का जलवा, स्टॉलों पर उमड़ रही भारी भीड़

 | 
ब्रज-रज उत्सव 2026 में छाया स्वदेशी खादी का जलवा, स्टॉलों पर उमड़ रही भारी भीड़


ग्रामोद्योगी उत्पादों की 10 स्टॉलें बनीं आकर्षण का केंद्र

मथुरा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मथुरा में आयोजित ‘ब्रज-रज उत्सव 2026’ में इस बार स्वदेशी खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादों की धूम देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा उत्सव में स्वदेशी खादी उत्पादों की सुलभ उपलब्धता के लिए वृहद स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनका जनता द्वारा भरपूर स्वागत किया जा रहा है।

विभाग द्वारा उत्सव परिसर में खादी की 10 विशेष स्टॉलें लगाई गई हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से पारंपरिक खादी वस्त्रों के साथ-साथ आधुनिक फैशन डिजाइन के अनुरूप विकसित किए गए नए और आकर्षक उत्पादों की बिक्री की जा रही है, जिन्हें देखने और खरीदने के लिए खादी प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

विशेषज्ञों और आयोजकों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में आम जनमानस से खादी का कम से कम एक उत्पाद उपयोग करने की अपील का स्पष्ट और सकारात्मक असर यहां दिखाई दे रहा है। खादी न केवल हमारी समृद्ध विरासत एवं परंपराओं से जुड़ा वस्त्र है, बल्कि यह स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण अनुकूलता का भी जीवंत प्रतीक है। 100 प्रतिशत हस्तनिर्मित और उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण खादी उत्पादों की मांग देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है। ब्रज-रज उत्सव में लगी इन स्टॉलों की बंपर बिक्री से सभी खादी संस्थाएं बेहद प्रफुल्लित हैं। खादी के साथ-साथ विभाग द्वारा स्थानीय उद्यमियों को ग्रामोद्योगी उत्पादों की भी 10 स्टॉलें आवंटित कराई गई हैं। इन दुकानों पर हस्तनिर्मित ज्वैलरी, मिट्टी से बने सुंदर उत्पाद, हर्बल उत्पाद, ऑर्गेनिक गुड़ और अगरबत्ती जैसी वस्तुएं उपलब्ध हैं, जो उत्सव में आने वाले आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण और शोभा का केंद्र बनी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार