home page

चकबन्दी प्रक्रिया के विरोध में भाकियू ने थाना घेरा

 | 
चकबन्दी प्रक्रिया के विरोध में भाकियू ने थाना घेरा


फर्रुखाबाद, 24 जुलाई (हि. स.)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव वराकेशव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया के विरोध में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे किसानों ने नवाबगंज थाने में धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।

गांव वराकेशव के मजरा नगला जब्ब में राजस्व विभाग की टीम चकबंदी के तहत भूमि की नापजोख कर रही थी। इससे पहले राजस्व टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए नवाबगंज थाना पुलिस को सूचना दी थी। नापजोख के दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने चकबंदी प्रक्रिया का विरोध किया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में कुछ कार्यकर्ताओं ने राजस्व टीम से कहासुनी हुई, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।

इसके बाद किसान नेता अपने समर्थकों के साथ ट्रैक्टरों से नवाबगंज थाने पहुंचे, जहां उन्होंने थाना परिसर में जमीन पर बैठकर करीब 20 से 25 मिनट तक धरना दिया और किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसान नेताओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों तक उनकी मांगें पहुंचाने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद किसान शांत हुए और अपनी मांगों के समर्थन में जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।

इस संबंध में चकबंदी अधिकारी उमाशंकर ने बताया कि गांव में चकबंदी की नापजोख की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी। इसी दौरान किसान यूनियन के कुछ नेताओं ने विरोध करते हुए जरीब (लाेहे की कड़िया) छीन ली थी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जरीव वापस दिलाई थी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar