home page

लखनऊ में मंगलवार काे खेला जाएगा भारत-वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज का पहला मैच, सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम

 | 

लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच छह अक्टूबर को होने वाले पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसको लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्ररेट ने तैयारी कर ली है।

सयुंक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था बब्लू कुमार ने बताया कि इकाना स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। भीड़ प्रबंधन एवं वीवीआईपी मूवमेंट के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया गया है। यातायात डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बताया कि चार पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), नौ अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), 27 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी)। 82 निरीक्षक, 321 उप-निरीक्षक, 32 महिला उपनिरीक्षक, 803 मुख्य आरक्षी, आरक्षी, 152 महिला आरक्षी की तैनाती की गई है।

यातायात पुलिस व्यवस्था के लिए 01 सुपर जोनल, 03 जोनल, 08 सेक्टर व 19 सब सेक्टर में विभाजित किया गया है। एक पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), तीन अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), 08 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), 33 निरीक्षक, 136 उप-निरीक्षक, 366 मुख्य आरक्षी, आरक्षी, 87 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 07 कंपनी व 02 बटालियन पीएसी (पीएसी), दो टीम एटीएस, एक एंटी-ड्रोन टीम, तीन टीम बीडीडीएस, 01 एंटी माईन टीम, छह एलआईयू की टीमें लगाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि स्टेडियम के सभी गेटों पर अलग-अलग प्रवेश और निकास व्यवस्था लागू की गई है। वीवीआईपी, खिलाड़ियों, मीडिया एवं आम दर्शकों के लिए पृथक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रूट रिहर्सल भीड़ प्रबंधन के लिए गहन मॉक-ड्रिल संपन्न की गई है। पूरे आयोजन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से 24×7 निगरानी की जा रही है, कंट्रोल रूम से सभी गतिविधियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। मैच के दौरान प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। पार्किंग स्थलों का निर्धारण कर वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक