मुरादाबाद मंडल में 798 करोड़ टैक्स के बकायेदार 585 कारोबारियों को आयकर का नोटिस
नोटिस का जवाब 15 दिनों के भीतर न देने पर आयकर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा
मुरादाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)। आयकर विभाग ने मुरादाबाद मंडल के 585 बड़े कारोबारियों को नोटिस जारी किया है। इन कारोबारियों पर इनकम टैक्स का 798 करोड़ बकाया है। 15 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब न देने पर आयकर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
केंद्रीय आयकर विभाग ने मुरादाबाद रेंज को पत्र जारी कर बताया कि मंडल के पांच जिले मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर में आयकर का 2718 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें 2623 करोड़ रुपये आयकर और 70.43 करोड़ रुपये का पास्ट कर शामिल है। इस राशि में बड़े बकाएदारों से 798 करोड़ कर वसूलने के लिए सहायक आयकर आयुक्त रविंद्र कुमार को नोटिस जारी करने की जिम्मेदारी दी गई है।
सहायक आयकर आयुक्त रविंद्र कुमार ने बताया कि आयकर वसूलने के लिए बकायेदारों की सूची तैयार की गई है। इसमें 25 करोड़ या उससे अधिक सात बकायेदारों को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा 15 और 25 करोड़ के बीच दूसरी श्रेणी के बकायेदारों को नोटिस जारी किया है। अभी तक कुल 585 बकायेदारों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं रामपुर, संभल, बिजनौर और अमरोहा जिले के आयकर अधिकारियों द्वारा बाकी
बकायेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। नोटिस का 15 दिनों में जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सहायक आयकर आयुक्त का कहना है कि नियमानुसार किसी बकाएदार का नाम खुलासा नहीं किया जा सकता है। बकायेदारों से वसूली करने के लिए अपर आयुक्त जितेंद्र सोनकर के निर्देशन में शिविर भी लगाए गए हैं ताकि पुराने बकाएदार आयकर का भुगतान कर सकें।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

