देवरिया में 41 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, 89 का शिलान्यास; 576 को नियुक्ति पत्र
देवरिया, 30 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नव-निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण तथा प्रस्तावित परियोजना कार्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास किया गया। इसी क्रम में जनपद देवरिया में 41 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण तथा 3 परियोजना कार्यालयों एवं 89 आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास हुआ।
निदेशालय, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत जनपद में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत चयनित 573 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं 3 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सोमवार को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम द्वारा बाल विकास परियोजना सलेमपुर एवं लार, विधायक सदर शलभ मणि त्रिपाठी द्वारा सदर एवं शहर परियोजना, विधायक रुद्रपुर जय प्रकाश निषाद द्वारा रुद्रपुर, विधायक बरहज दीपक मिश्र ‘शाका’ द्वारा बरहज एवं भागलपुर, विधायक रामपुर कारखाना सुरेंद्र चौरसिया द्वारा रामपुर व तरकुलवा परियोजनाओं में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इसी प्रकार ब्लॉक प्रमुख गौरी बाजार द्वारा गौरी बाजार तथा प्रमुख भलुअनी छठ्ठू यादव द्वारा भलुअनी परियोजना में नियुक्ति पत्र वितरण का कार्य कराया गया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

