home page

आधुनिक युग में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक सुदृढ़ता अनिवार्य: डॉ राकेश सिंह

 | 
आधुनिक युग में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक सुदृढ़ता अनिवार्य: डॉ राकेश सिंह


-ज्वाला देवी इण्टर काॅलेज में सात दिवसीय समर कैम्प का भव्य शुभारम्भ

-200 से अधिक छात्र ले रहे विद्या भारती के आधारभूत विषयों का प्रशिक्षणप्रयागराज, 20 मई (हि.स)। प्रो0 राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, सिविल लाइन्स में आज से सात दिवसीय समर कैम्प (ग्रीष्मकालीन शिविर) का भव्य शुभारम्भ हुआ।शिविर के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्राचीन सूक्ति को रेखांकित करते हुए कहा स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक युग में अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक सुदृढ़ता अनिवार्य है। इसी पावन उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा हर वर्ष समर कैम्प का आयोजन किया जाता है, ताकि छात्र अपनी ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का सदुपयोग कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकें।

इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य से सम्बंधित कई महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारियां भी साझा कीं। प्रधानाचार्य ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस सघन प्रशिक्षण शिविर में प्रतिदिन चार अलग-अलग सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में विद्या भारती के कोर (आधारभूत) विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसके अंतर्गत छात्रों को निम्नलिखित विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

’’योग शिक्षा’’ मानसिक एकाग्रता, प्राणायाम और शारीरिक लचीलेपन के लिए। ’’शारीरिक शिक्षा’’ खेलकूद, आत्मरक्षा के गुर और शारीरिक सहनशक्ति बढ़ाने के लिए।’’नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा’’ चरित्र निर्माण, भारतीय संस्कृति के मूल्य और महापुरुषों के प्रेरक प्रसंग। ’’संगीत शिक्षा’’ शास्त्रीय एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से लय, सुर और सांस्कृतिक चेतना का विकास।’’संस्कृत शिक्षा’’ देववाणी संस्कृत के श्लोक, उच्चारण शुद्धि और व्यावहारिक संस्कृत का ज्ञान।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी सरोज कुमार दुबे ने बताया कि यह समर कैम्प 20 मई से प्रारम्भ होकर 27 मई तक अनवरत चलेगा। इसका समापन व विदाई समारोह 27 मई को आयोजित किया जाएगा। इस रचनात्मक शिविर में विद्यालय के 200 से अधिक छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। इस पूरे समर कैम्प की रूपरेखा और सफल संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शारीरिक आचार्यों विनोद सिंह, अमित यादव एवं हेमा खत्री के कुशल देख-रेख और मार्गदर्शन में सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर के प्रथम दिन मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित गरिमा जायसवाल, संध्या शरमन एवं प्रितांक श्रीवास्तव ने विभिन्न सत्रों में छात्रों को अपनी कला और विधाओं से परिचित कराया तथा अभ्यास सत्रों की शुरुआत की।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र