अब कोई भी गरीब का बच्चा स्मार्ट शिक्षा से वंचित नहीं होंगा : गणेश केसरवानी
--स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत करैलाबाग में उच्च प्राथमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण, डिजिटल शिक्षा से बच्चों के भविष्य को मिलेगा नया आयाम
प्रयागराज, 13 अप्रैल (हि.स)। प्रयागराज स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए करैलाबाग कॉलोनी (बालू मंडी) स्थित अभ्युदय समग्र उच्च प्राथमिक कम्पोजिट विद्यालय के नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण महापौर गणेश केसरवानी ने सोमवार को किया।
इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि अब किसी गरीब के बच्चे किसी की कीमत पर स्मार्ट शिक्षा से वंचित नहीं होंगे क्योंकि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हैं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्राथमिक शिक्षा को लेकर ट्रिपल इंजन की सरकार विकास के रथ पर सवार है। इस प्रकार की पहल शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विद्यालय से पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि नगर निगम प्रयागराज एवं स्मार्ट सिटी परियोजना, ‘ऑपरेशन कायाकल्प योजना’ के अंतर्गत तैयार इस आधुनिक विद्यालय भवन का लोकार्पण महापौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने इस पहल को शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक अहम कदम बताया। नवनिर्मित विद्यालय भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। ये सभी व्यवस्थाएं विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित और प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, पार्षद राधा निषाद, ऋषि निषाद, किरन जायसवाल, कुसुम लता, मंडल अध्यक्ष गया निषाद, गिरी शंकर प्रभाकर गिरी (बाबा), राजेश केसरवानी, अमित गुप्ता, हिमालय सोनकर सहित अनेक नागरिक सहित खंड शिक्षा अधिकारी प्रतिभा सिंह, अधिकारीगण, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

