home page

ग्रामीण जरूरतमंदों का सपना साकार कर रही सीएम आवास योजना

 | 
ग्रामीण जरूरतमंदों का सपना साकार कर रही सीएम आवास योजना


ग्रामीण जरूरतमंदों का सपना साकार कर रही सीएम आवास योजना


गोरखपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, गांवों में रहने वाले निर्धन और वंचित परिवारों के लिए अपने पक्के घर का सपना साकार कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में यह योजना उन वर्गों के लिए बड़ा सहारा बनी है जो किन्हीं तकनीकी कारणों से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ नहीं ले पाए। गोरखपुर मंडल के चार जिलों में अब तक 19 हजार से अधिक जरूरतमंद मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण से आच्छादित हुए हैं। इनमें से 17 हजार से अधिक खुद के पक्के मकान में रहने लगे हैं। इन आवासों के लिए सरकार करीब 219 करोड़ रुपये व्यय कर चुकी है।

सरकार ने राज्य के प्रत्येक निराश्रित और पात्र परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए गंभीर प्रयास किए हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का धरातल पर क्रियान्वयन परिणामजन्य नजर आता है। गोरखपुर मंडल में 199984 जरूरतों को पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्के आवास स्वीकृत हुए और इनमें से 199103 के आवास बनकर पूर्ण भी हो गए।

पीएम आवास योजना ग्रामीण को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने के साथ ही राज्य में सीएम योगी के विजन से मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण भी संचालित है। ऐसे जरूरतमंद जिन्हें पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका, उन्हें सीएम आवास योजना में कवर किया जा रहा है। इसमें दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों और वनटांगिया, मुसहर जैसे विशेष पिछड़े समुदायों को प्राथमिकता पर रखा गया।

योगी सरकार सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लाभार्थियों को न केवल आवास निर्माण के लिए धनराशि दी जा रही है, बल्कि उन्हें एक गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए आवश्यक अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। आवास निर्माण के लिए प्रति लाभार्थी 1.20 लाख रुपये देने के अलावा उन्हें स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये दिए जाते हैं। साथ ही सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त बिजली कनेक्शन और उज्ज्वला योजना के तहत नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन। गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा का कहना है कि मुख्यमंत्री जी मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में हर जरूरतमंद को पीएम आवास योजना और सीएम आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

गोरखपुर मंडल में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति

जिला स्वीकृत पूर्ण व्यय

गोरखपुर 2888 2728 34.28

देवरिया 2093 1655 22.89

कुशीनगर 9936 8609 112.10

महराजगंज 4159 4139 49.64

(व्यय करोड़ रुपये में है)

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय