home page

भाजपा में नीतियां व्यक्ति नहीं, विचारधारा तय करती है: सुशील उपाध्याय

 | 
भाजपा में नीतियां व्यक्ति नहीं, विचारधारा तय करती है: सुशील उपाध्याय


भाजपा में नीतियां व्यक्ति नहीं, विचारधारा तय करती है: सुशील उपाध्याय


जौनपुर, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के आगामी “प्रशिक्षण वर्ग” को सफल और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।

मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्ग संचालन समिति प्रमुख सुशील उपाध्याय ने कहा कि भाजपा में नीतियां व्यक्ति नहीं, बल्कि विचारधारा तय करती है। प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों से परिचित कराया जाएगा। साथ ही, आधुनिक दौर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया और तकनीक के सकारात्मक उपयोग का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं का वैचारिक और संगठनात्मक विकास प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से होता है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को वैचारिक रूप से निखारने का सबसे प्रभावी माध्यम प्रशिक्षण वर्ग है। आगामी वर्ग की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। शिक्षार्थियों और वक्ताओं के ठहरने, भोजन, पंजीकरण, स्वागत, पार्किंग, सुरक्षा, मंच सज्जा और कार्यक्रम संचालन के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के मोबाइल व्यवस्थित रूप से जमा कराने के लिए भी विशेष टीम बनाई गई है, ताकि सभी कार्यकर्ता एकाग्रचित होकर सत्रों में भाग ले सकें।

बैठक के अंत में जिला महामंत्री अजय सिंह ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण वर्ग को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव