home page

मिट्टी की सेहत सुधारने खेतों पर उतरा कृषि विभाग

 | 
मिट्टी की सेहत सुधारने खेतों पर उतरा कृषि विभाग


लखनऊ, 06 मई (हि.स.)। निःशुल्क मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत नेशनल प्रोजेक्ट ऑन सोईल हेल्थ एण्ड फर्टिलिटी कार्यक्रय के तहत मंगलवार को वृहद स्तर पर प्रदेश में मृदा नमूना संकलन अभियान संचालित किया गया है।

कार्यक्रम में प्रदेश के समस्त 826 विकासखण्डों से 20-20 ग्राम पंचायतों का चयन मृदा नमूना संकलन हेतु किया गया है, जिनमें प्रत्येक ग्राम पंचायत से 100 रेण्डम मृदा नमूने संकलन हेतु क्षेत्रीय प्रसार कार्मिकों, प्रयोगशाला पर कार्यरत कार्मिकों तथा प्रशिक्षित कृषि सखियों को तैनात किया गया है।

प्रदेश में गतवर्ष के लक्ष्य 8.26 लाख को दुगना करते हुए वर्तमान वर्ष के लक्ष्य 16.52 लाख के मृदा नमूनों के सापेक्ष खरीफ सीजन हेतु 11.56 लाख मृदा नमूना लक्ष्य का रखा गया है। अभियान में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अयोध्या में तथा राज्य कृषि मंत्री रामपुर जनपद में अभियान को सफल बनाने हेतु उपस्थित होकर मृदा नमूनों का संकलन कराया।

कृषि निदेशालय के निदेशक स्तर के अधिकारियों तथा कृषि विभाग से जुड़े अधिकारियों ने अलग—अलग स्थानों पर मृदा नमूनों का संकलन कराया। अभियान में कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिकों द्वारा भी अपेक्षित सहयोग प्रदान किया गया है। सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि चयनित कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड समय से उपलब्ध कराया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन