home page

जिले में कहीं भी आपदा या क्षति की घटना होने पर तत्काल इस नंबर पर सूचना दें : जिलाधिकारी

 | 
जिले में कहीं भी आपदा या क्षति की घटना होने पर तत्काल इस नंबर पर सूचना दें : जिलाधिकारी


- आपदा की सूचना के लिए शुरू हुआ चैटबॉट, फोटो-रिपोर्ट भी कर सकेंगे अपलोड

देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में आपदा और दुर्घटनाओं से संबंधित सूचनाओं को प्रशासन तक तेजी से पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल पर शुक्रवास से ‘आपदा चैटबॉट’ शुरू किया गया है। इसके माध्यम से जिले के लोग व्हाट्सएप के जरिए किसी भी स्थान पर हुई आपदा या दुर्घटना की सूचना प्रशासन को दे सकेंगे। सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई और राहत कार्य में तेजी लाई जा सकेगी।

आपदा की स्थिति में नागरिक व्हाट्सएप नंबर 7800111266 पर संदेश भेज सकते हैं। संदेश में संबंधित ग्राम पंचायत का नाम, आपदा का प्रकार, हुई क्षति का विवरण तथा घटना की तिथि और समय की जानकारी देनी होगी।

आवश्यकता पड़ने पर घटना से संबंधित फोटो और अन्य रिपोर्ट भी व्हाट्सएप के माध्यम से अपलोड की जा सकेगी। इससे घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। चैटबॉट के माध्यम से प्राप्त सूचनाएं संबंधित उप जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तक तत्काल पहुंच सकेंगी। इसके बाद अधिकारी मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई और राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। आपदा से हुई क्षति के साथ कृषक दुर्घटना समेत अन्य मामलों में पात्र लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने में भी यह व्यवस्था सहायक होगी।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आपदा चैटबॉट का व्हाट्सएप नंबर 7800111266 अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित कर लें। उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी आपदा या क्षति की घटना होने पर तत्काल इस नंबर पर सूचना दें, ताकि प्रशासन को समय से जानकारी मिल सके और प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शीघ्र की जा सके।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक