औरैया में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई : रात में चला विशेष चेकिंग अभियान, 153 वाहनों की जांच, 5.85 लाख का जुर्माना
औरैया, 24 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद औरैया में अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बीती रात में औरैया–जालौन रोड सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी (सदर) अजय आनन्द वर्मा और पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने किया। उनके साथ कोतवाली औरैया का पुलिस बल तथा एआरटीओ कार्यालय के पीटीओ आनन्द राय भी मौजूद रहे। टीम ने विशेष रूप से उन वाहनों को निशाना बनाया जो अवैध रूप से खनिज का परिवहन कर रहे थे, साथ ही अन्य संदिग्ध और अनियमित वाहनों की भी गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 153 वाहनों की जांच की गई, जिनमें कई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में कुल 5,85,500 रुपये का जुर्माना वसूला। इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह के सघन और संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित एजेंसियां मिलकर कानून व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस सख्त कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि औरैया में अब नियमों का उल्लंघन करना आसान नहीं होगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

