home page

ठेका की आड़ में छोटी मछलियों का शिकार, वीडियो वायरल

 | 
ठेका की आड़ में छोटी मछलियों का शिकार, वीडियो वायरल


ठेका की आड़ में छोटी मछलियों का शिकार, वीडियो वायरल


औरैया, 14 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र में बीझलपुर घाट पर यमुना नदी में मछली पकड़ने के ठेका की आड़ में प्रतिबंधित और छोटी मछलियों का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में ठेकेदार के लोग मानक से पतले जाल लगाकर छोटी-छोटी मछलियां पकड़ते और उनकी तौल करवाते दिखाई दे रहे हैं। इससे यमुना नदी में मछलियों की प्रजातियों के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है।

जानकारी के अनुसार यमुना नदी में बीझलपुर घाट के पास मछली पकड़ने का ठेका औरैया तथा जालौन जनपद के मत्स्य विभाग द्वारा एक-एक वर्ष के लिए दिया जाता है। वर्तमान सत्र में औरैया की ओर से यह ठेका मां सीवी सहकारी समिति को 31 मई तक के लिए आवंटित किया गया है। इसके बाद मछलियों के प्रजनन काल को देखते हुए यमुना नदी में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लागू हो जाएगा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार शासन के नियमों की अनदेखी कर छोटी मछलियों का भी शिकार कर रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नदी में मानक से अधिक पतले जाल लगाए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छोटी मछलियां फंसी हुई हैं। पास में रखे बॉक्स में इन मछलियों को जमा कर उनकी तौल भी कराई जा रही है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य विभाग औरैया रमाकांत ने बताया कि टेंडर की शर्तों के अनुसार तीन से 04 सेंटीमीटर आकार के जाल लगाने के निर्देश दिए जाते हैं। यदि इससे छोटे जाल का प्रयोग कर मछली पकड़ी जा रही है तो संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि मत्स्य विभाग में कर्मचारियों और निरीक्षकों की कमी होने के कारण यमुना नदी में लगातार निगरानी कर पाना मुश्किल हो रहा है। इसी वजह से कई बार नियमों का उल्लंघन समय रहते पकड़ में नहीं आ पाता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार