कान्हा गौशाला की सुरक्षित भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा
मथुरा, 08 मई(हि.स.)। गोवर्धन तहसील क्षेत्र में लगभग 2 एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत गोवर्धन ने शुक्रवार राजस्व एवं पुलिस बल की सहायता से यह कार्रवाई की। यह भूमि कान्हा गौशाला के निर्माण के लिए आरक्षित थी। यह कार्रवाई 07 मई 2024 को गाटा संख्या 586 पर की गई, जिसका रकबा 0.817 हेक्टेयर है।
शुक्रवार शाम उप जिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि कान्हा गौशाला की सुरक्षित भूमि से यह अवैध कब्जा हटाया गया है। अतिक्रमण मुक्त कराए गए इस क्षेत्र को अब गौशाला निर्माण कार्य के लिए चिह्नित किया गया है। अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान उप जिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह के साथ अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गोवर्धन चौतन्य कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार जयन्ती मिश्रा, थाना प्रभारी गोवर्धन भगवत सिंह, राजस्व निरीक्षक श्याम बिहारी तरकर और स्थानीय लेखपाल महेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
इनके अलावा, प्रधान लिपिक मोहन श्याम अग्रवाल, सफाई निरीक्षक नानक चन्द शर्मा तथा नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी और पुलिस बल भी मौके पर उपस्थित था। उप जिलाधिकारी ने पुष्टि की कि अतिक्रमण को पूरी तरह से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर नगर पंचायत गोवर्धन द्वारा एक वृहद कान्हा गौशाला का निर्माण किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

