निरीक्षण भवन में अवैध निर्माण, पूर्व विधायक ने कार्रवाई की करी मांग
हाथरस, 09 मार्च (हि.स.)। हाथरस रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन परिसर में सड़क किनारे अवैध निर्माण किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं।
पूर्व विधायक प्रताप चौधरी का कहना है कि निरीक्षण भवन परिसर के अंदर बिना किसी टेंडर प्रक्रिया या सरकारी अनुमति के सड़क किनारे दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब विभागीय मिलीभगत से हो रहा है और इसमें विभाग के एक जेई की भूमिका भी संदिग्ध है। उन्होंने बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार निरीक्षण भवन परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की स्थायी दुकान या निर्माण की अनुमति नहीं दी जाती है। इसके बावजूद यहां लगातार निर्माण कार्य जारी है, जिससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।
प्रताप चौधरी ने साेमवार काे जानकारी दी कि करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने फोन के माध्यम से इस मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी थी। हालांकि, अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई और निर्माण कार्य लगातार चलता रहा। पूर्व विधायक ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह इस मामले की शिकायत शासन स्तर तक करेंगे।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह इस संबंध में जिलाधिकारी समेत स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत देंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
वहीं, जेई सुरेश चौधरी का कहना है कि कर्मचारियों के लिए बैठने का कोई स्थान नहीं था, इसलिए बैठने का स्थान तैयार किया जा रहा है।
एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था, लेकिन अब संज्ञान में आया है और वह इसकी जांच कराएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

