home page

पाली के जंगल में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 16 तमंचे जब्त, दो गिरफ्तार

 | 
पाली के जंगल में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 16 तमंचे जब्त, दो गिरफ्तार


अमेठी, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बाजार शुक्ल पुलिस ने पाली जंगल में कथित रूप से संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 निर्मित और पांच अर्द्धनिर्मित अवैध शस्त्र समेत कुल 16 तमंचे, चार जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा शस्त्र बनाने के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के नवीपनाह निवासी कौशल किशोर (30) और छोटू (21) के रूप में हुई है।

इस मामले का खुलासा जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय में करते हुए एसपी अमेठी ने बताया कि 23 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाली जंगल में कुछ लोग अवैध शस्त्रों का निर्माण कर रहे हैं। सूचना पर बाजार शुक्ल पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 315 बोर के नौ तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, 12 बोर के दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस तथा 12 बोर के पांच अर्द्धनिर्मित तमंचे बरामद हुए। पुलिस ने शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 52 रिपिट, 18 हैमर, 15 लोहे की नाल, 12 बट, 45 स्प्रिंग, 34 कील, नौ ट्रिगर, चार शुम्मी, तीन हथौड़ी, दो रेती, तीन सड़सी और पांच फायरिंग पिन समेत अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मिली, जिसके कागजात आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों मिलकर सुनसान स्थानों पर अवैध शस्त्र बनाते थे और पकड़े जाने के डर से स्थान बदलते रहते थे। तैयार शस्त्रों को लखनऊ व आसपास के जनपदों में बेचने की बात भी उन्होंने बताई। मामले में थाना बाजार शुक्ल में धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक अमेठी ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी