home page

कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिले

 | 
कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिले


कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिले


- भारत–कनाडा के व्यापारिक संबंधों को और सशक्त बनाने पर जोर

लखनऊ, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना से रविवार काे इंडो कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में इंडो अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा भवन में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में आईएबीसी महिला प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश की संयोजक आर्किटेक्ट अनीता श्रीवास्तव तथा अर्चना सिंह भी शामिल थीं।

प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को भारत–कनाडा व्यापारिक संबंधों में हाल के सकारात्मक विकास की जानकारी दी। साथ ही इंडो अमेरिकन बिजनेस चैंबर के चेयरमैन डॉ. अजय प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में हाल ही में कनाडा गए व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का कनाडा के ओंटारियो प्रांतीय संसद में मंत्री नीना तांगरी द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग और मजबूत होते संबंधों का प्रतीक है।

बैठक के दौरान इंडो कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा इंडो अमेरिकन बिजनेस चैंबर ने भारत और कनाडा के बीच व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों संगठनों ने कहा कि इससे उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्योगों (SMEs) तथा निवेशकों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कनाडा की अपनी पूर्व यात्राओं तथा टोरंटो में इंडो कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ हुई मुलाकातों को स्मरण किया। उन्होंने भारत और कनाडा के बीच आर्थिक, व्यापारिक तथा जन-से-जन संबंधों को सुदृढ़ बनाने के लिए दोनों संगठनों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयास भविष्य में दोनों देशों के संबंधों को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह