home page

मनेछा में पति-पत्नी के शव फंदे से लटकते मिले, गांव में मचा हड़कंप

 | 
मनेछा में पति-पत्नी के शव फंदे से लटकते मिले, गांव में मचा हड़कंप


जौनपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव की अनुसूचित बस्ती में बुधवार शाम एक दंपति के शव घर में फंदे से लटकते मिले। दोनों की मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

मनेछा गांव निवासी उपदेश गौतम (22) पुत्र चिंता प्रसाद ने करीब डेढ़ साल पहले पूजा (21) से प्रेम विवाह किया था। बुधवार शाम करीब सात बजे परिजनों ने घर में दोनों के शव करकट के सहारे पाइप से लटकते देखे। यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पूजा के मायके पक्ष ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। पूजा का मायका बद्दोपुर गांव में बताया गया है।

दंपति की मौत से उपदेश की मां सीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे और बहू को खोने के गम में वह बदहवास हैं। उपदेश के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।

इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव