स्मार्ट मीटर के खिलाफ आक्रोश, सैकड़ों लोग सड़कों पर
बिजली विभाग कार्यालय का किया घेराव
प्रीपेड मीटरों के विरोध को लेकर धरना शुरू
हमीरपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे बीते साल बिना उपभोक्ताओं को विश्वास में लिए कस्बे में लगाए गए स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड मीटरों में बदलने से अचानक उपभोक्ताओं की जेब पर असर पडने लगा है जिसका जहां पूरे प्रदेश में जमकर विरोध हो रहा है तो वहीं मौदहा के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने गुरुवार को सडकों में प्रदर्शन और नारेबाजी कर उपखण्ड कार्यालय में अनशन शुरू कर दिया हालांकि पूरा उपखण्ड कार्यालय परिसर अनशनकारियों के कब्जे में होने के कारण विभाग से सारे काम प्रभावित हो गए और अधिकांश काउंटर बंद हो गए।
पिछले साल मौदहा कस्बे में बिना आमजन और उपभोक्ताओं को विश्वास में लिए स्मार्ट मीटर के नाम पर लगाए गए मीटरों को अचानक विभाग की ओर से प्रीपेड कर दिया गया। जिससे पूरे प्रदेश में इनका विरोध शुरू हो गया,जबकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि इन मीटरों में जहां रीडिंग बहुत अधिक आ रही है तो वहीं एक रुपये भी माइनस होने पर बिजली विभाग द्वारा बिजली बंद कर दी जाती है और रीचार्ज करने के बाद बिजली चालू कराने के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने पडते हैं। इन्ही मीटरों के विरोध में लगभग सभी राजनीतिक दलों द्वारा प्रदर्शन किया जा चुका है और उसी को लेकर भीम आर्मी के नेता संदीप बाल्मीकि की अगुवाई में गुरुवार को कस्बे की गोल मार्केट से सैकड़ों महिला पुरुष उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग, एस. डी. ओ. जेई और ऊर्जा मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उपखण्ड कार्यालय पहुंच पूर्व नियोजित सूचना के साथ अनशन शुरू कर दिया।
भारी संख्या में उपभोक्ताओं के कार्यालय पहुंच कर नारेबाजी करने के साथ ही कर्मचारी बैकफुट पर आ गए और सभी काउंटर बंद कर अपने आप को और दस्तावेजों को सुरक्षित कर लिया। वहीं अनशनकारियों की मांग है कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता बिजली बाईपास की जाए और विजिलेंस उतने दिन छापेमारी न करे। फिलहाल यह चिंगारी जल्द बुझती दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि हालात को देखते हुए पुलिस व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान रमजानी सभासद, फीरोज पठान, याकूब गड्डी, सभासद अतीक, फिरोज़ पठान, नूर मोहम्मद शाका, अनिकेत सूर्यवंशी सहित भारी संख्या में उपभोक्ता और स्थानीय महिलाएं, पुरूष और युवा शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

