एचटी लाइन का तार टूटा,चिंगारी से कई बीघा गेहूं की फसल जल कर खाक
हाथरस, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गांव बिसावर में शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। यह घटना पुलिस चौकी के सामने पथवारी मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुई। इस घटना में कई बीघा फसल जलकर खाक हो गई।
शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे तेज हवा चलने के कारण हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकरा गए। इससे निकली चिंगारी गांव बिसावर निवासी उदय पाल की खड़ी गेहूं की फसल पर गिरी और आग तेजी से फैल गई। किसानों ने पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में कई बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसान को भारी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया । जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी और पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह ने पीड़ित किसान उदय पाल को ढांढस बंधाया और प्रशासन से उन्हें उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

