home page

जनता से अपील बच्चियों को लगवाएं एचपीवी वैक्सीन: डीएम

 | 
जनता से अपील बच्चियों को लगवाएं एचपीवी वैक्सीन: डीएम


फतेहपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को जिला महिला चिकित्सालय में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने फीता काटकर शुभारम्भ किया। उन्होंने आम जनमानस से यह अपील की कि सभी लोग अपनी बच्चियों को जो पात्र हैं ये वैक्सीन लगवाएं।

उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर एक गम्भीर बीमारी है, जो कि महिलाओं में होती है। इस बीमारी से बचाव के लिए अपने परिवार की ऐसी बालिकायें जो अपना 14वाँ जन्मदिन मना लिया है और 15वाँ जन्म दिन नहीं मनाया है, वो पात्र होगीं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सुरेश कुमार ने लक्ष्य के सन्दर्भ में बताया कि इस अभियान के लिए कुल जनसंख्या 3144279 का एक प्रतिशत 31443 बालिकाओं का लक्ष्य राज्य से प्राप्त हुआ है। इस अभियान के लिए 7920 डोज वैक्सीन प्रयागराज मण्डल, प्रयागराज से प्राप्त हो गयी है। वैक्सीन की 400 डोज प्रति कोल्ड चेन प्वाइंट पर वितरित कर दी गयी है।

एचपीवी वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के कारण होने वाले संक्रमण से बचाव के लिए दी जाने वाली एक टीका है। यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा, योनि, वल्वा, और गुदा के कैंसर के साथ-साथ जननांग मस्सों को रोकने में मदद करती है।

इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव नयन गिरि, प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कालेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय, फतेहपुर, डा. इश्तियाक अहमद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, आरसीएच, डा. सुरेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, डा.विमलेश कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार