home page

आवास विकास टीम ने मारा छापा, न्यूरो अस्पताल का बेसमेंट और तीन लाइब्रेरी सील

 | 
आवास विकास टीम ने मारा छापा, न्यूरो अस्पताल का बेसमेंट और तीन लाइब्रेरी सील


आवास विकास टीम ने मारा छापा, न्यूरो अस्पताल का बेसमेंट और तीन लाइब्रेरी सील


मथुरा, 14 जुलाई (हि.स.)। आवास एवं विकास परिषद की मंगलवार शाम करीब 7 बजे तक चली कार्रवाई में राधिका विहार और कृष्ण विहार योजना संख्या-2 में मथुरा न्यूरो अस्पताल का बेसमेंट और तीन लाइब्रेरी सील कर दिए। यह कार्रवाई आवास आयुक्त, लखनऊ के निर्देश पर तथा आगरा वृत्त के अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार के निर्देशन में हुई। निर्माण खंड-2 के अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह और नामित मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार संजीव चौहान ने इसका नेतृत्व किया। अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीम भी मौजूद रही।

मंगलवार शाम प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. खान ने बताया कि परिषद ने अपनी आवासीय योजनाओं में ऐसे परिसरों की पहचान की थी, जहां बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन किए व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं। इनमें कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, रेस्टोरेंट और होटल शामिल थे। मंगलवार को सील की गई संपत्तियों में राधिका विहार योजना स्थित मथुरा न्यूरो हॉस्पिटल का बेसमेंट शामिल है। कृष्ण विहार योजना में लवानिया लाइब्रेरी, तक्षशिला लाइब्रेरी और जेएमसी लाइब्रेरी को भी सील किया गया। प्रॉपर्टी मालिकों को परिषद के नियमों के अनुरूप औपचारिकताएं पूरी करने के आदेश दिए गए।

अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह ने बताया कि संबंधित संपत्ति स्वामियों को परिषद के नियमों के अनुरूप औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषद की योजनाओं में अवैध निर्माण, भूमि उपयोग के उल्लंघन और मानकों के विपरीत गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान सहायक अभियंता कृपांशु द्विवेदी, अवर अभियंता नवीन कुमार, फायर सेफ्टी ऑफिसर इंस्पेक्टर नरेश कुमार सिंह, स्थानीय पुलिस बल और परिषद के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार