होटल कर्मी ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी, माैत
कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक होटल कर्मी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। होटल मालिक के मौके पर पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर परिजनों को सूचित करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान बाराबंकी के मौली गांव निवासी शहनवाज उर्फ सानू (20) के रूप में हुई है। वह पिछले तीन–चार महीनों से होटल में काम कर रहा था। रात होने पर वहीं होटल में ही सो जाता था और सुबह उठकर फिर से अपने काम में लग जाता था। मृतक के मित्र मोहम्मद आरिफ ने बताया कि गुरुवार रात भी उसकी शहनवाज से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान ऐसा कुछ भी नहीं लगा कि वह किसी बात को लेकर परेशान था या इस तरह की कोई घटना होने वाली है।
रोज की तरह शुक्रवार सुबह जब होटल मालिक होटल खोलने पहुंचा तो बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी शहनवाज ने गेट नहीं खोला। इस पर उसे शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा, जहां शहनवाज फंदे से झूलता मिला। पुलिस ने फील्ड यूनिट की सहायता से जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले में होटल संचालक और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

