home page

प्रसव के दौरान महिला की हुई मौत मामले में लापरवाही पाए जाने पर अस्पताल सील

 | 
प्रसव के दौरान महिला की हुई मौत मामले में लापरवाही पाए जाने पर अस्पताल सील


नोएडा, 01 अगस्त (हि.स.)। बिलासपुर कस्बे स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत के मामले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को कार्रवाई की। टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई डीएम को मिली शिकायत और जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई।

कासना कोतवाली क्षेत्र के कुलीपूरा गांव निवासी जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने 17 जुलाई को अपनी भाभी पूजा को प्रसव के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान बच्ची का जन्म हुआ, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही के कारण पूजा की मौत हो गई।

परिजनों ने पहले दनकौर पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर मामला डीएम के समक्ष उठाया। इसके बाद डीएम ने जांच सीएमओ को सौंपी। शनिवार को एसडीएम की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में मरीज भर्ती मिले, लेकिन उनकी देखभाल के लिए कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। अस्पताल प्रबंधन आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा फायर सेफ्टी, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और साफ-सफाई व्यवस्था में भी गंभीर कमियां पाई गईं। इन अनियमितताओं को देखते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव, डॉ. टीकम सिंह, डॉ. अजय तथा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी नवीन राजौरिया मौजूद रहे।

एसडीएम अरुण वर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी