home page

सपा से सीट बंटवारे से पहले रायबरेली में लगी होर्डिंग्, '200 सीटों पर बताया कांग्रेस का हक'

 | 
सपा से सीट बंटवारे से पहले रायबरेली में लगी होर्डिंग्, '200 सीटों पर बताया कांग्रेस का हक'


रायबरेली, 25 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीराें के साथ रायबरेली में लगाए गए होर्डिंग्स ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज़ कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में लगे इन होर्डिंग्स पर 200 सीटें यह हमारा हक है और यूपी को राहुल गांधी पर भरोसा है जैसे नारे लिखे हैं।

उल्लेखनीय है कि रविवार को रायबरेली में कई पोस्टर व होर्डिंग्स लगाई गई हैं। इनमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी की तस्वीरें प्रमुखता से दिखाई गई हैं। इनके साथ कांग्रेस नेता इमरान मसूद, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की तस्वीरें भी शामिल हैं। 200 सीटें यह हमारा हक है और यूपी को राहुल गांधी पर भरोसा है जैसे नारे इन होर्डिंग्स पर लिखे हुए हैं।इन नारों ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति और सीट-बंटवारे की उम्मीदों को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन और सीट-बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रायबरेली में लगी इन होर्डिंग्स से राजनीति गर्म हो गई है। इससे रायबरेली में कांग्रेस द्वारा ज्यादातर सीटों पर चुनाव लड़ने का संकेत भी कहा जा रहा है। हालांकि कांग्रेस के जिला महामंत्री राकेश सिंह राना ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया। उन्हाेंने कहा कि भाजपा हमारे गठबंधन काे ताेड़ने के लिये ऐसी साजिश रच रहे हैं लेकिन भाजपा के मंसूबे पूरे नहीं हाेंगे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे