होमगार्ड भर्ती परीक्षा: औरैया में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी से होगी निगरानी
औरैया, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसको लेकर कंट्रोल रूम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए जनपद में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 2496 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

