home page

होमगार्ड परीक्षा में असफल हुए युवक ने सल्फास खाकर दे दी जान

 | 
होमगार्ड परीक्षा में असफल हुए युवक ने सल्फास खाकर दे दी जान


बांदा, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मरका थाना क्षेत्र के गुजेनी गांव में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में असफल होने के बाद एक युवक ने सल्फास खा लिया। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रीतम यादव पुत्र सत्यनारायण यादव के रूप में हुई है। प्रीतम पहले भी रेलवे, सेना और पुलिस की भर्तियों में शामिल हो चुका था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली थी। हाल ही में उसने होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन किया था।

होमगार्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने पर प्रीतम उसमें भी पास नहीं हो पाया। शुक्रवार को वह घर से कमाने जाने का बहाना बनाकर निकला और मुरहा मोड़ के पास सल्फास की गोली खा ली। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने प्रीतम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया। हालांकि, बांदा ले जाते समय रास्ते में ही प्रीतम यादव की मौत हो गई।

प्रीतम चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को देने के बजाय उसके शव को घर ले जाकर यमुना नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पिता ने शनिवार शाम करीब 7 बजे इस घटना की जानकारी दी। वहीं दूसरी तरफ क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने इस घटना से अनभिज्ञता जताई और बताया कि इस मामले में जानकारी हासिल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह