होमगार्ड भर्ती परीक्षा : तीसरे दिन दोनों पालियों में 5447 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
परीक्षा सकुशल संपन्न होने पर नोडल अधिकारी ने दी बधाई
झांसी, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड्स भर्ती-2025 की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा साेमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। तीसरे व अंतिम दिन की परीक्षा में अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष के साथ सूर्यदेव की तपिश में भी अपने आप को झुलसाना पड़ा। जनपद के 28 केंद्रों पर दो पालियों में कराई गई परीक्षा में तीसरे दिन भी दोनों पालियों में कुल 5447 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। तीन दिवसीय परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराने में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को नोडल अधिकारी ने बधाई भी दी।
नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल के अनुसार प्रथम पाली में 11,424 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 8767 उपस्थित रहे, जबकि 2657 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 8634 अभ्यर्थी शामिल हुए और 2790 अनुपस्थित रहे। कुल मिलाकर करीब 5447 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल व एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय व अन्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कंट्रोल रूम, सीसीटीवी और वॉइस रिकॉर्डिंग के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की गई। नोडल अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नकल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डुप्लीकेट अभ्यर्थियों को रोकने के लिए प्रवेश पत्र की गहन जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला स्टाफ द्वारा कराई गई। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प, सीसीटीवी व वॉइस रिकॉर्डर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा गया। परीक्षार्थियों के सामान जमा कराने के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। इस दौरान एसपी सिटी प्रीति सिंह, डीआईओएस रति वर्मा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगातार केंद्रों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

