home page

समग्र स्वास्थ्य और खेल उत्कृष्टता के लिए शोध व नवाचार जरूरी : प्रो. राजीव चौधरी

 | 
समग्र स्वास्थ्य और खेल उत्कृष्टता के लिए शोध व नवाचार जरूरी : प्रो. राजीव चौधरी


कानपुर, 18 जून (हि.स.)। स्वास्थ्य, खेल प्रदर्शन, योग, खेल विज्ञान और मानव प्रदर्शन के क्षेत्र में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। वैश्विक स्तर पर बदलती चुनौतियों के बीच समग्र स्वास्थ्य और खेल उत्कृष्टता के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों को ज्ञान एवं अनुभव साझा कर नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। खेल विज्ञान और स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में हो रहे नवाचार भविष्य की दिशा तय करेंगे। यह बातें गुरुवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के प्रो. राजीव चौधरी ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के सेनेट हाल में होलिस्टिक हेल्थ, ह्यूमन परफॉर्मेंस एवं स्पोर्ट्स एक्सीलेंस विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी, मुख्य अतिथि प्रो. राजीव चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. दीपेश्वर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सम्मेलन में डॉ. राकेश तोमर (किंग फहद यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड मिनरल्स, सऊदी अरब) तथा प्रो. क्रिस्टोफ स्टेक (जान ड्लुगोश विश्वविद्यालय, पोलैंड) सहित देश-विदेश के अनेक विशेषज्ञों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रो. विषन सिंह राठौर, प्रो. इकराम हुसैन, प्रो. महेश सावता खेतमालिस, प्रो. महेन्द्र कुमार सिंह, प्रो. रत्नेश सिंह, डॉ. पीयूष जैन, डॉ. अलका गुप्ता, डॉ. अजय कुमार सिंह राजपूत, डॉ. मनोज कुमार ददवाल, डॉ. उत्सव चावरे तथा डॉ. रोहित थापा ने भी अपने विचार रखे।

सम्मेलन के दौरान खेल मनोविज्ञान, व्यायाम शरीर क्रिया विज्ञान, खेल पोषण, बायोमैकेनिक्स, खेल चिकित्सा, पुनर्वास, खेल प्रबंधन, खेल तकनीक, योग विज्ञान, ध्यान, माइंडफुलनेस, स्वास्थ्य संवर्धन और भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। चयनित शोध पत्रों को इंटरनेशनल जर्नल ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स में प्रकाशन हेतु विचारार्थ भेजा गया। समापन समारोह में विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. प्रभाकर पांडे एवं डॉ. आर.पी. सिंह ने सभी अतिथियों, शोधार्थियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप