पुलिस मुख्यालय में मनाया गया होली मिलन समारोह
लखनऊ, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय में सोमवार को आयोजित होली मिलन समारोह अत्यन्त हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में सम्पन्न हुआ। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने इस अवसर पर सभी पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उन्होंने समारोह में उपस्थित कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट कार्यों की मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंचों पर सराहना की है, जो समस्त पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है।
राज्य सरकार ने यूपी पुलिस को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया है। इससे पुलिस बल की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़, दक्ष तथा समन्वित बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 1384 भवनों का निर्माण कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है। इससे पुलिस कर्मियों की आवासीय सुविधाओं आदि में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। पुलिस महानिदेशक ने पुलिस बल के सर्म्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुये सभी को उत्साह और सकारात्मकता के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

