home page

हमें आपसी प्रेम और एकता का संदेश देता है होली का पर्व : महापौर

 | 
हमें आपसी प्रेम और एकता का संदेश देता है होली का पर्व : महापौर


कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। होली रंगों के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है। भारत की संस्कृति इसलिए महान मानी जाती है क्योंकि यहां हर त्योहार लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और समाज में सौहार्द बढ़ाने का काम करता है। यह बातें सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने कहीं।

नगर निगम मुख्यालय स्थित नगर निगम गेस्ट हाउस में आज महापौर प्रमिला पांडेय की अगुवाई में होली मिलन समारोह एवं फूलों की होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अतिथियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और फूलों की होली खेलते हुए उत्सव का आनंद लिया।

समारोह के दौरान होली के पारंपरिक गीतों पर उपस्थित लोग भाव-विभोर हो गए और पूरे परिसर में उत्सव का उल्लास देखने को मिला। महापौर प्रमिला पांडे ने पार्षदों व अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और लोगों के साथ फूलों की होली खेली। इस दौरान महिला मोर्चा की ओर से भी जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया गया।

होली मिलन समारोह में वर्तमान व पूर्व पार्षदों के साथ नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी, नगर निगम कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी तथा भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

इस दौरान पार्षद नवीन पंडित, नेता सदन डॉ. अखिलेश वाजपेयी, सौरभ देव, संतोष साहू, विद्या वर्मा, अमित जायसवाल, सुशील अवस्थी, कौशिक वाजपेयी, वंदना शर्मा, पूर्व पार्षद अर्पित यादव, विजय गौतम सहित भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप