home page

होली मिलन से मजबूत होते रिश्ते और बढ़ता सौहार्द : कामता प्रसाद गर्ग

 | 
होली मिलन से मजबूत होते रिश्ते और बढ़ता सौहार्द : कामता प्रसाद गर्ग


कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। होली मिलन केवल उत्सव नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों को मजबूत करने और समाज में सौहार्द बढ़ाने का माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और पारस्परिक विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। यह बातें रविवार को राजस्थान एसोसिएशन के महामंत्री कामता प्रसाद गर्ग ने रविवार को राजस्थान भवन प्रांगण में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह के दौरान कहीं।

कानपुर महानगर की प्रमुख समाजसेवी संस्था कराचीखाना स्थित राजस्थान एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

समारोह की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष बनवारी लाल जैन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में महापौर प्रमिला पांडेय मौजूद रहीं। वहीं विधायक अमिताभ बाजपेयी सहित शहर के उद्योगपति, व्यवसायी और संस्था के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विराट कवि सम्मेलन रहा, जिसमें सुप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय गीतकार डॉ. राधेश्याम मिश्र समेत कई कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य, श्रृंगार और सामाजिक विषयों पर आधारित कविताओं ने उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया।

महामंत्री कामता प्रसाद गर्ग और कोषाध्यक्ष प्रेम नारायण सोमानी ने बताया कि संस्था का यह वार्षिक आयोजन आपसी गिले-शिकवे दूर करने, भाईचारा बढ़ाने और सभी का सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान एसोसिएशन समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित करता है, जिनमें स्वास्थ्य शिविर, नेत्र परीक्षण, मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन और जरूरतमंद कन्याओं के विवाह जैसे कार्य शामिल हैं।

विधायक अमिताभ बाजपेयी ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और रंगारंग माहौल में उत्सव का आनंद लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप