home page

उप्र की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने होली पर्व की दी बधाई

 | 
उप्र की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने होली पर्व की दी बधाई


—उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने होली पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी

लखनऊ, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रंग, उत्साह और उमंग के पावन पर्व होली पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने होली के पावन पर्व पर देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह पर्व सामाजिक समरसता का सजीव प्रतीक है। उन्होंने इस अवसर पर जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि जल की प्रत्येक बूंद को संजोएं, क्योंकि यही बूंदें मिलकर भविष्य की सरिता बनती हैं। उन्होंने प्राकृतिक रंगों के प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि प्रकृति के आंचल से प्राप्त रंग ही जीवन में वास्तविक आभा भरते हैं। राज्यपाल ने कहा कि रासायनिक रंगों से दूर रहकर, पुष्पों और प्राकृतिक तत्वों से बने रंगों का उपयोग करें, ताकि उत्सव की उमंग के साथ पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प भी साकार हो। राज्यपाल ने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि के इंद्रधनुषी रंग भर दे तथा हमारा राष्ट्र, प्रेम, सद्भाव और सतत विकास की आभा से आलोकित होता रहे।

वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रंग, उमंग और सद्भाव के पावन पर्व होली की सभी देश व प्रदेशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा है यह मंगल पर्व सभी के जीवन में अपनों का प्यार बनाए रखें ,आपसी भाईचारा बढ़े और हर व्यक्ति राष्ट्र निर्माण भावना से प्रेरित होकर आगे बढ़े।

आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक यह रंगोत्सव सभी के जीवन में खुशियों के रंग लेकर आये। यह त्यौहार सामुदायिक सद्भाव और मेल-मिलाप का जीवन्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मेरी कामना है यह त्यौहार सभी के जीवन में आनंद, उमंग और नई ऊर्जा का संचार करें । होली भाईचारे ,आपसी प्रेम और सद्भावना का त्योहार है। हम सभी लोग अपनी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप उमंग, उत्साह के रंगों के वातावरण मे होली मनाएं। ऐसा कोई कार्य ना करें , जिससे किसी की पवित्र भावना को कोई ठेस पहुंचे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक