उत्तर प्रदेश में 25 लाख से अधिक हित चिंतक बनायेगी विहिप
लखनऊ, 22 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद का राष्ट्रव्यापी हित चिंतक अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत विहिप ने उत्तर प्रदेश में 25 लाख से अधिक नए हित चिंतक बनाने का लक्ष्य रखा है। राजधानी लखनऊ में अभियान का शुभारम्भ विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह व प्रान्त मंत्री देवेन्द्र मिश्र ने किया।
रविवार को क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने पद्मश्री डा.अनिल रस्तोगी, राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी, पूर्व राज्यमंत्री यशवंत सिंह,उदासीन अखाड़ा के महंत धर्मेन्द्र दास महाराज,वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश सिंह व डा.सत्येन्द्र त्रिपाठी को विहिप का हित चिंतक बनाया।
पद्मश्री डाॅ.अनिल रस्तोगी ने कहा कि हित चिंतक का काम समाज सेवा व रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहन देना। यह काम 80 देशों में चल रहा है। हम भी हित चिंतक बने हैं आप भी हित चिंतक बनकर समाज सेवा के कार्यों में योगदान करें।
विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि 22 नवम्बर से 06 दिसम्बर तक प्रदेशभर में हित चिंतक अभियान चलेगा। इस दौरान विहिप कार्यकर्ता घर—घर जाकर लोगों को संगठन से जोड़ेंगे। विहिप प्रत्येक तीन वर्ष पर हित चिंतक अभियान चलाता है। इस बार पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का लक्ष्य 15 लाख से अधिक हित चिंतकों को जोड़ने का है। उन्होंने विहिप से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि 15 वर्ष से ऊपर के सभी देशवासी विहिप के हित चिंतक बन सकते हैं।
गजेन्द्र सिंह ने विहिप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश को बचाना है,हिन्दू समाज को बचाना है,अपने आपको बचाना है तो विहिप के हित चिंतक बनकर संगठन के विस्तार तथा देश,समाज,धर्म की लड़ाई में सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश की स्थिति भयावह होने वाली है। इनके साथ संघर्ष भी निश्चित है। इसलिए हिन्दू समाज को संगठित होना पड़ेगा तभी हम लव जिहाद,मतांतरण व जनसंख्या असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपट सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

