home page

वन्देमातरम केवल गीत नहीं बल्कि हमारी स्वतंत्रता संग्राम का महामंत्र है : नवीन अवस्थी

 | 
वन्देमातरम केवल गीत नहीं बल्कि हमारी स्वतंत्रता संग्राम का महामंत्र है : नवीन अवस्थी


महोबा, 25 सितंबर (हि.स.)। जनपद में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में महोबा की पावन धरा पर शुक्रवार को स्कूलों एवं अन्य स्थानों पर राष्ट्र प्रेम और सांस्कृतिक चेतना का भव्य संगम देखने को मिला। विक्रम संवत 2083 भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्दशी को विद्यालयों में नमामि भारतम्-वन्दे मातरम् सामूहिक गान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया है। वन्देमातरम् के महाकुंभ ने सभी के हृदय में राष्ट्रप्रेम की एक नई ऊर्जा का संचार किया है।

शुक्रवार को जनपद के चरखारी कस्बा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित 'नमामि भारतम् वन्दे मातरम् सामूहिक गान' कार्यक्रम ने पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। झमाझम बारिश के बावजूद राष्ट्रभक्ति के जोश में कोई कमी नहीं आई। राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत इस बार एक अनूठी पहल की गई। विद्यालय के आचार्यों ने छात्र-छात्राओं और स्टाॅफ एवं अभिभावकों के साथ 'वन्दे मातरम्' का सामूहिक गान किया। वहीं, मुख्य कार्यक्रम स्थल सरस्वती विद्या मंदिर में भी क्षेत्र के कई विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर इसे ऐतिहासिक बनाया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन कुमार अवस्थी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन चरखारी के लिए अत्यंत गौरवशाली है। 'वन्दे मातरम्' केवल एक गीत नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम का महामंत्र है। हमारे शिक्षकों द्वारा अन्य विद्यालयों में जाकर सामूहिक गान कराने और बच्चों की अभूतपूर्व सहभागिता ने सिद्ध कर दिया है कि राष्ट्रभक्ति के प्रति युवाओं में असीम उत्साह है।

मुख्य अतिथि शिक्षक पंकज बिंदुआ ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत माता की वंदना हमें हमारी एकात्मता और अखंडता का अहसास कराती है। जब विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने एक साथ स्वर मिलाया तो यह विश्वास सुदृढ़ हो गया कि हमारी युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और राष्ट्र के प्रति पूरी तरह समर्पित है।

जनपद मुख्यालय में वंदे मातरम् का गान भक्ति भावपूर्ण के साथ चंद्र कुंवर तिवारी पब्लिक स्कूल, बाल शिक्षा सदन , कीरत सागर क्लब, दुर्गा वाहिनी और संस्कार केंद्र ग्राम दमौरा में किया गया। विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं समिति की सभी पदाधिकारी बहनें उपस्थित रही और नगर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति भी गरिमामयी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी