home page

सेवा बस्तियों में हिन्दू परिवार मित्र बनायेगी विहिप: देवजी भाई रावत

 | 
सेवा बस्तियों में हिन्दू परिवार मित्र बनायेगी विहिप: देवजी भाई रावत


लखनऊ,28 मार्च (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप)के केंद्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय सामाजिक समरसता प्रमुख देवजी भाई रावत ने शनिवार को बताया कि प्रत्येक जिले में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता सेवा बस्ती के एक-एक परिवार को गोद लेकर हिन्दू परिवार मित्र बनायेंगे। प्रत्येक जिले में बेरोजगार युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए ट्रेनिंग सेन्टर प्रारंभ कर दलित युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति व जनजाति छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों से सम्पर्क किया जाएगा।

अवध प्रान्त के प्रवास पर आये देवजी भाई रावत ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि समरसता यात्रा के दौरान अस्पृश्यता मुक्त भारत व समरसता युक्त भारत बनाने के लिए गांवों में आम जनता से संकल्प कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विहिप के कार्यकर्ता देशभर में ऐसे लोगों की सूची बनाएंगे जिन्होंने अनुसूचित समाज के अधिकारों पर डाका डाला है और उनसे वे अधिकार छीनकर उन लोगों दिलाए जा सकें जो उनके वास्तविक अधिकारी हैं।

देवजी भाई ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि

धर्मांतरण के पश्चात कोई भी व्यक्ति अनुसूचित जाति की संवैधानिक श्रेणी में नहीं आता और ऐसे में उसे एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत संरक्षण प्राप्त नहीं हो सकता। यह निर्णय संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950 की भावना के भी अनुरूप है, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि केवल हिन्दू, सिख और बौद्ध धर्म के अनुयायी ही अनुसूचित जाति की श्रेणी में आते हैं।

जनसंख्या असंतुलन पर चिंता जाहिर करते हुए देवजी भाई रावत ने कहा कि अब आवश्यकता है कि इस विषय पर एक प्रभावी जनसंख्या नीति बने और नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा सांप्रदायिक जनसंख्या संतुलन नीतियों जैसे माध्यमों के साथ जन मन की सहभागिता से यह कार्य आगे बढ़े।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन