home page

भगवान श्री कृष्ण पर विवादित बयान देने वाले मौलाना जरजिस के खिलाफ हिंदू महासभा ने दी तहरीर

 | 
भगवान श्री कृष्ण पर विवादित बयान देने वाले मौलाना जरजिस के खिलाफ हिंदू महासभा ने दी तहरीर


-संत दिनेश शर्मा फलाहारी ने माैलाना के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

लखनऊ , 16 जुलाई (हि.स.)। भगवान श्री कृष्ण पर विवादित बयान देने वाले मौलाना जरजिस के खिलाफ हिंदू समाज का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने माैलाना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए राजधानी लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने जल्द ही विधिक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है।

गुरुवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी हजरतगंज काेतवाली पहुंचे। मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए तहरीर दी। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि मौलाना जर्जिस ने भगवान श्रीकृष्ण, भगवान राम और हिंदू धर्म के संबंध में आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की हैं। इससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि मौलाना जरजिस के इस विवादित बयान से साधु—संतों में गहरी नाराजगी है और इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसके पहले भी मौलाना कई जगह विवादित और नफरती बयान दे चुके हैं। कई मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज हो चुकी है। इसके बाद भी मौलाना लगातार ऐसे विवादित बयान देते रहते हैं। इससे न केवल सामाजिक सौहार्द बिगडता है बल्कि हिंदू समाज में नाराजगी भी बढ़ती है।

इस विवादित बयान देने वाले मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर संत दिनेश शर्मा फलाहारी ने मुख्यमंत्री योगी को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि हम साधु-संत समाज उस मौलाना के बयान की निंदा करते हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हैं। हम केवल इतना ही कहेंगे कि सनातन धर्म सबसे प्राचीन है और सनातन धर्म ही रहेगा। संत दिनेश शर्मा फलाहारी के अनुसार उन्होंने मुख्यमंत्री योगी को पत्र लिखा है, जिसमें मांग की गई है कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने हमारे कृष्ण भगवान को लेकर विवादित बयान दिया है। सनातन धर्म के खिलाफ इतने कठोर शब्द कहे गए हैं जिससे करोड़ों साधु-संतों की भावनाएं आहत हुई हैं। ऐसे मौलाना के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह