आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर नोएडा में 24 स्थानों पर हिन्दू सम्मेलन का हुआ आयोजन
नोएडा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को नोएडा में 24 स्थानों पर हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ।
आरएसएस के शुभांश्रु ने बताया कि सेक्टर 143 के शांति निकेतन पार्क (श्रद्धानंद नगर, बाणगंगा बस्ती) “विराट हिंदू सम्मेलन” का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में संत देवाचार्य महाराज की उपस्थिति रही तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रांत के बौद्धिक प्रमुख सुनील एवं अध्यक्ष मनोज बंसल एवं रेडियो जॉकी आर जे रौनक ने अपने प्रेरक उद्बोधन से समाज को एकता, संस्कार और राष्ट्रभाव का संदेश दिया।
सम्मेलन में विभिन्न सेक्टरों की समितियों के कार्यकर्ता, मातृशक्ति की 1000 से अधिक संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान समाज के बच्चों द्वारा मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिसने वातावरण को अत्यंत आनंदमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। उन्होंने बताया कि धवलगिरी सेक्टर-11 (नूब्रा बस्ती), नोएडा में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में मुख्य वक्ता विनय, प्रान्त सहव्यवस्था प्रमुख, मेरठ प्रान्त ने अपने ओजस्वी सम्बोधन में समाज को संगठित रहने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
धार्मिक वक्ता के रूप में सुरेन्द्र शर्मा (गायत्री परिवार) ने आध्यात्मिक जागरूकता, संस्कार निर्माण और नैतिक जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। वहीं शंकर शास्त्रीगल (ऋग्वेद पंडित) ने वैदिक परम्परा, सनातन धर्म की वैज्ञानिकता और उसकी वर्तमान समय में प्रासंगिकता को सरल शब्दों में समझाया। इसके अतिरिक्त अजय ने सामाजिक एकता, जागरूकता एवं राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए।
सामुदायिक केंद्र सेक्टर 92 (श्रद्धानंद नगर, बेतवा बस्ती) में आयोजित सम्मेलन में संत देवाचार्यजी महाराज की उपस्थिति रही तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघचालक नोएडा महानगर दिनेश भाई एवं अध्यक्ष अनुज शुक्ला (एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट) आर डब्लू ए अध्यक्ष राहुल, कवित्री अंजनी सेंगर ने अपने उद्बोधन से समाज को एकता, संस्कार और राष्ट्रभाव का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

